राजधानी में पतंगबाजी का शौक लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। अभी तक तो नायलान मांझा ही बदनाम था, लेकिन उससे भी खतरनाक और धारदार मांझा शहर में खुलेआम बिक रहा है। इसकी चपेट में आकर लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।
जान जाने का भी खतरा है, लेकिन इस खूनी धागे को लेकर पुलिस बेखबर है। यह जानलेवा मांझा पतंग की दुकान पर आर्डर पर आसानी से उपलब्ध कराया जा रहा है। हुसैनगंज निवासी ने बताया कि पतंगबाजी के शौकीन जीत की होड़ में आर्डर देकर धारदार मांझा बनवा रहे हैं।
मांझा प्रभावित कर रहा आवागमन
धारदार मांझा अब शहर की यातायात व्यवस्था को भी प्रभावित करने लगा है। शुक्रवार को लखनऊ मेट्रो के ओवरहेड वायर में मांझा फंसने से शार्ट सर्किट हो गया था, जिससे चारबाग से आलमबाग बस स्टैंड के बीच मेट्रो का आवागमन करीब 50 मिनट तक प्रभावित रहा।
