बिहार में बिजली के लिए प्रदर्शन कर रहे लोगों की पुलिस से झड़प, एक की मौत, दो गंभीर


कटिहार, 26 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के कटिहार जिले के बारसोई में बुधवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहने के खिलाफ बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और जमकर हंगामा किया। आरोप है कि कार्यालय में तोड़फोड़ भी की गई। इस बीच पुलिस के साथ लोगों की झड़प हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस द्वारा गोली चलाई गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।

इधर, बारसोई के अनुमंडल पुलिस अधिकारी प्रेमनाथ राम ने आईएएनएस से बातचीत में एक की मौत की पुष्टि की। उन्होंने पुलिस की गोली से मौत से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि आक्रोशित लोगों द्वारा पत्थरबाजी में मौत हुई है।

जानकारी मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बताया कि कटिहार में नीतीश कुमार की पुलिस ने गोली चलाकर आम लोगों काे मारने का काम किया। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। नीतीश कुमार पहले नौकरी मांगने वालों पर गोली चलवा रहे थे, अब बिजली मांगने वालों पर गोली चलवाने का काम कर रहे हैं।

–आईएएनएस

एमएनपी/एबीएम


Related Articles

Latest News