Monday, February 24, 2025

बिहार : निर्वस्त्र कर दलित महिला को पीटने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार


पटना, 26 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के पटना जिले के खुसरूपुर थाना क्षेत्र में दलित महिला को निर्वस्त्र कर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी प्रमोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में महिला के मुंह पर पेशाब करने की भी बात सामने आई थी।

पटना (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक इमरान मसूद ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी कि जिसमें महिला ने नग्न करके पीटने और पेशाब पिलाने का भी आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ फतुहा के नेतृत्व में टीम बनाई गई थी।

जांच टीम और एसआईटी ने इसमें त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त प्रमोद सिंह को फतुहा से गिरफ्तार कर लिया है। इसमें जो एक और अभियुक्त है उसकी भी गिरफ्तारी के लिए प्रयास चल रहा है। एक अन्य आरोपी प्रमोद सिंह का बेटा अंशु है, जिसकी गिरफ्तारी होनी है।

उल्लेखनीय है कि 23 सितंबर की रात खुसरूपुर थाना क्षेत्र में दलित महिला के साथ मारपीट की गई थी। पीड़ित महिला ने कहा था कि उसने प्रमोद सिंह से ब्याज पर 1500 रुपये उधार लिए थे। 1500 लौटाने के बाद ब्याज का पैसा नहीं देने पर प्रमोद सिंह और उसका बेटा अंशु ने पिटाई की थी। कपड़े फाड़ दिए थे। प्रमोद के बेटे पर महिला ने मुंह पर पेशाब करने का आरोप लगाया है। इस घटना पर प्रदेश में राजनीति भी गर्म है।

–आईएएनएस

एमएनपी


Related Articles

Latest News