Friday, February 13, 2026

नोएडा स्टेडियम के तीरंदाज भरेंगे नई उड़ान, खेलों का हब बनेगा नोएडा: शालिनी सिंह


नोएडा, 12 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा स्टेडियम के आर्चरी ग्राउंड में पिनाका आर्चरी अकादमी का विधिवत उद्घाटन हवन और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।

अकादमी का संचालन अजीत कुमार सिंह आर्चरी अकादमी के सहयोग से किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शालिनी सिंह एवं विशिष्ट अतिथि डीडीआरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एनपी सिंह, ‘सखा एक पहल’ की अध्यक्षा विभा चुघ तथा ओमवीर यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

अकादमी का संचालन बालम सिंह खानी द्वारा किया जाएगा, जबकि इसका नेतृत्व युवा क्रांति सेना के चेयरमैन लोकेश चौहान और अध्यक्ष अविनाश सिंह करेंगे।

मुख्य अतिथि शालिनी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले समय में नोएडा खेलों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि पिनाका आर्चरी अकादमी के माध्यम से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, उच्च गुणवत्ता वाले उपकरण, संतुलित खान-पान और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से प्रशिक्षित तीरंदाज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नोएडा का नाम रोशन करेंगे। शालिनी सिंह ने खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए विशेष घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि नेशनल क्वालिफायर करने वाले खिलाड़ियों को तीर एवं आवश्यक उपकरण भेंट किए जाएंगे, जबकि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को संपूर्ण आर्चरी किट उपहार स्वरूप प्रदान की जाएगी।

पैरा खिलाड़ियों को प्राथमिकता देने की बात करते हुए उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर पैरा खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, खिलाड़ियों को रात 8 से 10 बजे तक निःशुल्क अभ्यास की सुविधा भी दी जाएगी।

युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा कि यह अकादमी क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक और प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और संसाधनों की उपलब्धता से प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकेंगे।

कार्यक्रम में राजेंद्र चौहान, जितेंद्र चौहान, राजेश अम्बावता, गिरीश मिश्रा, दीपक शंखधर, विनोद चौहान, सोनू राणा, चंदन सिंह खानी, कौशल्या, मालिनी खानी, वीरेंद्र, अभिषेक, मोहिका, नैन्सी, भूमि, श्रेयण, उत्कर्ष, आर्यना, गौरव, लोरी, सौरभ, हिमांशु और हर्ष सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी और युवा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि पिनाका आर्चरी अकादमी नोएडा को खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

–आईएएनएस

पीकेटी/एएमटी


Related Articles

Latest News