Saturday, February 14, 2026

काम से मिलने वाला सुकून और कमाई की आजादी सबसे सुखद: जीनत अमान


मुंबई, 12 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेत्री जीनत अमान सोशल मीडिया पर अक्सर अपने मन के भाव और विचार शेयर करती रहती हैं। उन्होंने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए इस उम्र में भी मिल रहे काम के लिए ईश्वर का शुक्रिया अदा किया।

अभिनेत्री जीनत अमान ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इनमें वे किसी इवेंट पर फोटोशूट करवाती नजर आ रही हैं। साथ ही, मेकअप और तैयार होने की कुछ खूबसूरत तस्वीरें भी हैं। उन्होंने लिखा, “बीता हुआ हफ्ता। मैं फिर से कहना चाहती हूं कि इस उम्र में भी मुझे अच्छा काम मिल रहा है, इसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। हां, मैंने तभी काफी मजे किए थे जब मैं काम नहीं कर रही थी, लेकिन अब हर हफ्ते कुछ नया करने का मौका मिलना अच्छा लगता है।”

उन्होंने आगे लिखा, “किसी शहर की यात्रा, नई स्क्रिप्ट पढ़ना, कोई विज्ञापन शूट करना या वर्कआउट पूरा करना। मुझे छोटे-छोटे लक्ष्य बनाना पसंद है, जिससे हर हफ्ते में एक मकसद रहता है। सच कहूं तो अपनी कमाई से मिलने वाला सुकून भी बहुत अच्छा लगता है। क्या आपको भी ऐसा लगता है?”

अभिनेत्री ने मन के भाव को शेयर करते हुए लिखा, “कभी-कभी सोचती हूं कि अगर काम मिलना बंद हो जाए तो समय कैसे कटेगा। फिर मन में आता है कि शायद बिस्तर पर लेटकर बच्चों और प्यारे जानवरों की वीडियो देखती रह जाऊंगी।”

अभिनेत्री ने खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया था, जिस वजह से वे बड़े होने पर कोई खास शौक नहीं अपना पाईं। कुछ लोग उम्र बढ़ने पर नए शौक शुरू करते हैं, लेकिन 70 की उम्र में अब न पियानो सीखने की इच्छा है और न ही बेकिंग।

अभिनेत्री ने फैंस से पूछते हुए लिखा, “फिर भी, मैं जानना चाहती हूं क्या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसने जीवन के बाद के वर्षों में कोई नया शौक शुरू किया हो और उसे पूरी लगन से निभाया हो? उनकी कहानी कमेंट में जरूर साझा करें, हम सबको प्रेरणा मिलेगी। और हां, एक और बात, क्या आप तस्वीर नंबर 6 में दिख रही मिठाइयों को देखकर बता सकते हैं कि मैं किस शहर गई थी?”

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Related Articles

Latest News