प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुंबई के रियल एस्टेट कंपनी के प्रमोटर को 500 करोड़ की जालसाजी में गिरफ्तार किया है। ईडी अधिकारी ने बताया कि करन ग्रुप बिल्डर्स एंड डेवलपर्स के प्रमोटर महेश भूपतकुमार ओझा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 10 जनवरी को जेल से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले उसे बंगलूरू पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने बताया कि एक निवेशक ने ओझा के कई प्रोजेक्ट में निवेश किया था और उसकी शिकायत पर कर्नाटक पुलिस की कई एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि निवेशक ने ओझा व अन्य परियोजनाओं में 526 करोड़ निवेश किए थे। बाद में बैंक एंट्री के लिए कमीशन व अन्य भुगतान के नाम पर धोखाधड़ी की गई। इस रकम में से 121.5 करोड़ ओझा के प्रोजेक्ट में निवेश किया था।
