Friday, February 13, 2026

अमेरिका: 10 मिलियन डॉलर के हेल्थकेयर फ्रॉड में दो पाकिस्तानी नागरिकों पर आरोप


वॉशिंगटन, 12 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के शिकागो में 10 मिलियन डॉलर के हेल्थकेयर धोखाधड़ी मामले में दो पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ अभियोग (इंडाइटमेंट) दायर किया गया है। संघीय अभियोजकों के अनुसार, आरोपियों ने मेडिकेयर और निजी बीमा कंपनियों से धोखाधड़ी कर धन विदेश भेजा।

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, बुरहान मिर्जा और काशिफ इकबाल ने 2023 और 2024 के दौरान अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर नाममात्र के मालिकों के नाम पर संचालित प्रयोगशालाओं और ड्यूरेबल मेडिकल इक्विपमेंट (डीएमई) प्रदाताओं का इस्तेमाल किया। इन संस्थाओं के जरिए उन सेवाओं और उपकरणों के लिए फर्जी दावे प्रस्तुत किए गए, जो कभी प्रदान ही नहीं किए गए थे।

31 वर्षीय बुरहान मिर्जा को अभियोग में “पाकिस्तान निवासी” बताया गया है। आरोप है कि उसने व्यक्तियों, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और बीमा कंपनियों की पहचान संबंधी जानकारी उनकी जानकारी के बिना हासिल की और फर्जी दावों को समर्थन देने के लिए उसका इस्तेमाल किया।

48 वर्षीय काशिफ इकबाल, जिन्हें भी “पाकिस्तान मूल का” बताया गया है, टेक्सास के लावोन में रह रहे थे। अभियोजकों का आरोप है कि वह कई मेडिकल इक्विपमेंट प्रदाताओं से जुड़ा था, जिन्होंने फर्जी दावे दाखिल किए। उस पर यह भी आरोप है कि उसने धोखाधड़ी से प्राप्त धन की मनी लॉन्ड्रिंग की और रकम को पाकिस्तान भेजने में समन्वय किया।

अमेरिका के उप अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने कहा, “इन कथित अपराधियों ने उस कार्यक्रम से चोरी की, जो अमेरिकी वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने के लिए बनाया गया है। हम ऐसी योजनाओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे, जो करदाताओं के पैसे को अपराधियों तक पहुंचाती हैं।”

इलिनॉय के नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट के अमेरिकी अटॉर्नी एंड्रयू एस. बुट्रोस ने कहा, “इस मामले में हर फर्जी दावा एक वरिष्ठ नागरिक या दिव्यांग व्यक्ति की जेब में हाथ डालने जैसा था, जो जरूरी इलाज के लिए मेडिकेयर पर निर्भर है।” उन्होंने कहा कि आरोपियों ने केवल सरकारी कार्यक्रम से नहीं, बल्कि उन करदाताओं से भी चोरी की, जो इस देश में स्वास्थ्य सेवा के वादे को वित्तपोषित करते हैं।

मिर्जा पर हेल्थकेयर फ्रॉड के 12 और मनी लॉन्ड्रिंग के पांच आरोप लगाए गए हैं। इकबाल पर हेल्थकेयर फ्रॉड के 12, मनी लॉन्ड्रिंग के छह और अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को झूठा बयान देने का एक आरोप लगाया गया है। दोनों की पेशी की तारीख अभी तय नहीं हुई है।

मामले में तीन अन्य सह-आरोपी मीर अकबर खान, फासिउर रहमान सैयद और नवैद रशीद पर पहले ही अभियोग दायर किया जा चुका है। उन्होंने संघीय हेल्थकेयर धोखाधड़ी के आरोपों को स्वीकार कर लिया है और सजा का इंतजार कर रहे हैं।

–आईएएनएस

डीएससी


Related Articles

Latest News